अपराध

मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 440 किलो गांजा, जशपुर पुलिस ने ट्रक समेत दो तस्करों को पकड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 440 किलो गांजा, जशपुर पुलिस ने ट्रक समेत दो तस्करों को पकड़ा

जशपुर। ओडिशा से मिर्च लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक में छिपाकर रखा गया 440.63 किलो गांजा जशपुर पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन समेत करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

कार्रवाई 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में सवार दो युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मुंडेरा, थाना धूमनगंज के निवासी हैं।

मिर्च की बोरियों के नीचे छिपा था गांजा

पुलिस के अनुसार, ट्रक में ऊपर की तरफ मिर्च से भरी बोरियां लोड की गई थीं, जबकि गांजे के पैकेट इनके नीचे छिपाकर रखे गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्च की बोरियां ओडिशा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे हैं। संदेह होने पर पुलिस टीम ने ट्रक की बारीकी से जांच की।

मिर्च की बोरियों को हटाने पर नीचे रखी अन्य बोरियां मिलीं। इनकी जांच करने पर टेप से लिपटे हुए पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा मिला। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद किया गया। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 440.63 किलो निकली।

बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की है।

ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बोध क्षेत्र से गांजा लेकर प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।

पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति से लेकर इसे प्राप्त करने वाले लोगों तक की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

दोनों आरोपियों के खिलाफ तपकरा थाने में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

ऑपरेशन आघात के तहत जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया गया है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा बरामद किया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच को केवल गांजा बरामद करने तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

बाइट- डॉ. लाल उमेद सिंह, एसएसपी, जशपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।