राज्य

मोबाइल देखने के बहाने दुकान में घुसा युवक, 90 हजार के दो मोबाइल लेकर फरार; CCTV में कैद वारदात

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मोबाइल देखने के बहाने दुकान में घुसा युवक, 90 हजार के दो मोबाइल लेकर फरार; CCTV में कैद वारदात

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान से करीब 90 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दुकान संचालक अरशद खान पुत्र अफजल खान, निवासी कमलागंज घोसीपुरा ने फिजिकल थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे एक युवक मोबाइल खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा। युवक ने दुकानदार को मोबाइल दिखाने में उलझाए रखा और मौका पाकर दुकान से दो मोबाइल चोरी कर लिए। इनमें एक आईफोन 14 करीब 55 हजार रुपए और दूसरा मोबाइल करीब 35 हजार रुपए कीमत का बताया गया है।

दुकानदार के मुताबिक, चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी दुकान से मोबाइल लेकर बाहर निकला, जहां जनरल मेडिकल के सामने दो युवक पहले से अपाचे बाइक लेकर खड़े थे। इसके बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर ग्वालियर बायपास की ओर फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को CCTV फुटेज उपलब्ध कराने की बात कहते हुए आरोपियों की पहचान कर मोबाइल बरामद करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं