मोबाइल चोरों का साइबर ठगों से कनेक्शन, जयपुर में अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 19 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। जांच में सामने आया कि चोरी के मोबाइल हरियाणा के मेवात सहित अन्य स्थानों पर साइबर ठगी करने वाले अपराधियों को कम कीमत पर सप्लाई किए जाते थे। आरोपी अब तक करीब 150 से 200 मोबाइल मेवात भेजने की बात स्वीकार कर चुके हैं।
जयपुर,19 अक्टूबर। जयपुर में मोबाइल चोरों के साइबर ठगों से कनेक्शन का खुलासा हुआ है। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग किए गए 19 मोबाइल फोन के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
डीसीपी वेस्ट के निर्देशन में और थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब राजस्थान संपर्क पोर्टल पर उत्तराखंड निवासी मोहम्मद अनस सिद्दीकी ने सिंधी कैंप क्षेत्र से अपना सैमसंग एस-24 अल्ट्रा मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान चोरी किए गए मोबाइल को ऑनलाइन बेचे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए गिरोह का पता लगाया और मोईन उर्फ शाहरुख, मोहम्मद अनस तथा हसीब को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि हसीब मेव चोरी के मोबाइल फोन इकट्ठा करता था और उन्हें हरियाणा के मेवात सहित अन्य स्थानों पर साइबर धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों को बेहद कम कीमत पर सप्लाई करता था।
आरोपी अब तक मेवात में करीब 150 से 200 मोबाइल भेजने की बात स्वीकार कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य चोरी के मोबाइलों की सप्लाई चेन और साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचना है।