अपराध

MP नगर में पोल में दौड़ा करंट, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत, देखें वीडियो

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
MP नगर में पोल में दौड़ा करंट, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत, देखें वीडियो

भोपाल के MP नगर इलाके में सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट उतरने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वे परिवार के साथ DB Mall में शॉपिंग के लिए पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय दिव्यऋषि तिवारी ने सड़क किनारे लगे पोल को पकड़ लिया। इसी दौरान पोल में करंट होने से वे उसकी चपेट में आ गए। बताया गया है कि पोल के पास तार खुला हुआ था, जिसके चलते पोल में करंट आने की बात सामने आई है। उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं, हालांकि वह खुद को अलग करने में सफल रहीं।

घटना के समय मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि तिवारी को बचाने का प्रयास किया। उन्हें CPR दिया गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उन्हें नर्मदा अस्पताल ले जाया गया, जहां से AIIMS भोपाल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्हें AIIMS पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने पोल से निकले खुले तार को अलग करवाया। हादसे के बाद सड़क किनारे लगे बिजली के पोल की सुरक्षा व्यवस्था और खुले तार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पोल में करंट आने और खुले तार की स्थिति के लिए जिम्मेदार विभाग या एजेंसी कौन है, इसकी जांच की जा रही है।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।