मनोरंजन

मुकेश नाइट 2026 में गूंजे मुकेश जी के सदाबहार गीत, सुरों से सजी यादगार शाम

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुकेश नाइट 2026 में गूंजे मुकेश जी के सदाबहार गीत, सुरों से सजी यादगार शाम

भोपाल। सदी के स्वर-सम्राट स्वर्गीय मुकेश जी के अमर गीतों को समर्पित मुकेश नाइट 2026 का आयोजन शनिवार को सुभाष यादव सभागृह, समन्वय भवन, मालवीय नगर, भोपाल में हुआ। आयोजन में संगीत प्रेमियों ने मुकेश जी के कालजयी गीतों का आनंद लिया और उनकी यादों को संगीतमय अंदाज में जीवंत किया।

श्रम श्री सेवा संस्था एवं मिलन ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में कलाकारों ने एकल, युगल और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से मुकेश जी के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रामबाबू शर्मा, सुनील गंगवानी एवं संतोष चौकसे सहित आयोजन से जुड़े सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम में चित्रांशू श्रीवास्तव ने जोत से जोत जलाते चलो और कभी कभी मेरे दिल जैसे गीतों से समां बांधा। बसंत बत्रा ने दीवानों से ये मत पूछो सहित कई गीत प्रस्तुत किए।

हेमंत वर्मा, संजय शर्मा, संतोष चौकसे, श्रीजा उपाध्याय, वाणी पुरोहित, जैनी थॉमस, डॉ. संदीप शर्मा, प्रभात उपाध्याय, टी.एन. दुबे, कुलदीप सिंह, विवेक उपाध्याय, अंचल शर्मा, असलम और फरहत खान सहित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मैं पल दो पल का, आ लौट के आजा, डम डम डिगा डिगा, दिल तड़प तड़प, ओ मेरे सनम, सुहानी चांदनी रातें, दोस्त दोस्त ना रहा, एक दिन बिक जाएगा सहित अनेक सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और संगीतमय बना दिया।

इस अवसर पर श्रम श्री सेवा संस्था के अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने कहा कि मुकेश जी के गीत आज भी हर पीढ़ी के दिल में बसे हुए हैं और उनकी आवाज भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भी मुकेश जी के सदाबहार संगीत से जोड़ना और उनकी स्मृतियों को जीवंत रखना है।

संस्था के अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, सुनील गंगवानी एवं संतोष चौकसे ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी कलाकारों, सहयोगियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। देर शाम तक चली इस महफिल में मुकेश जी के गीतों की मधुर गूंज ने श्रोताओं को उनकी अमर संगीत विरासत की याद दिलाई।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।