मुख्य सचिव एवं आईआईएएस के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12–15 अक्टूबर को एथेंस में आईएएसआईए सम्मेलन-2026 में लेंगे भाग
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 10 अक्टूबर। राजस्थान के मुख्य सचिव और अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास आगामी 12 से 15 अक्टूबर तक ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित आईएएसआईए-2026 के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय लोक प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) के इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के 600 प्रतिनिधि भाग लेंगे। आईएएसआईए, आईआईएएस की एक क्षेत्रीय इकाई है। वी. श्रीनिवास जून, 2025 में वर्ष 2025–2028 के तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए आईआईएएस के पहले भारतीय अध्यक्ष चुने गए थे।
यात्रा के दौरान वी. श्रीनिवास के लिए कई उच्चस्तरीय कार्यक्रम निर्धारित हैं। वे 12 अक्टूबर को आईएएसआईए के प्रबंधन मंडल को संबोधित करेंगे, 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, 14 अक्टूबर को सम्मेलन में उद्घाटन संबोधन देंगे तथा 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे।
वी. श्रीनिवास 12 अक्टूबर को ग्रीस के ईकेडीडीए (राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय शासन केंद्र) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस, आईएएसआईए की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीज़ेल ल्यूज़, आईआईएएस-2026 सियोल सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बुम यंग ली, आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ और ग्रीस में भारत के राजदूत रवि शंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
वी. श्रीनिवास और प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ सम्मेलन के दौरान आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस उस दिन एक उच्चस्तरीय पूर्ण सत्र में भाग लेंगे। जिसमें श्रीनिवास भी शामिल होंगे।
इस सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) की 65वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी। श्रीनिवास इसकी महासभा और अन्य प्रशासनिक एवं शैक्षणिक चर्चाओं में भाग लेंगे।