मुख्य सचिव ने की मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
29 सितम्बर 2026, देहरादून: देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से की गई चार हज़ार 611 घोषणाओं में से दो हज़ार 852 पूरी हो चुकी हैं। जबकि अभी एक हज़ार 759 घोषणाएं लंबित हैं, जिनमें से कई पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई गतिमान है। मुख्य सचिव ने कहा कि 11 अगस्त की समीक्षा में लंबित 627 घोषणाओं की संख्या घटकर अब 303 रह गई है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन करने को भी कहा।
इसके अलावा बैठक में मुख्य सचिव ने यमुनोत्री ट्रैक रूट के सुधारीकरण की कार्ययोजना तैयार करने,पौड़ी शहर में धारा रोड से एजेंसी चौक तक हेरिटेज स्ट्रीट के कार्य को आवास विभाग से पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने के साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से एक ही क्षेत्र में किए जा रहे अवस्थापना विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को समन्वित रूप से करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने फलों के भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज निर्माण में उपयुक्त भूमि का चयन करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के शहरों में खुले स्थान, सिटी पार्क और ईको पार्क जैसी सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।
संलग्न- फोटो एवं वीडियो
कैप्शन- मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा