मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद राजगुरु की जयंती पर किया नमन, कहा- राष्ट्र उनके बलिदान का ऋणी रहेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को अमर क्रांतिकारी शहीद शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में राजगुरु के अदम्य साहस और देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।डॉ. यादव ने कहा कि राजगुरु ने क्रांतिकारी साथियों के साथ मिलकर अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों का विरोध किया और अपने साहस से ब्रिटिश शासन की नींव को चुनौती दी।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए राजगुरु का योगदान और उनका बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भारती के इस वीर सपूत के बलिदान का ऋण राष्ट्र कभी नहीं चुका सकता। राजगुरु का जीवन देशभक्ति, साहस और मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है।