मुख्यमंत्री डॉ यादव आज नरसिंहपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव-2026 में किसानों से करेंगें वर्चुअली संवाद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री डॉ यादव से संवाद में मत्स्य पालन, प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किसान अपने अनुभव साझा करेंगे। इन किसानों की सहभागिता से महोत्सव में प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, उद्यानिकी और कृषि आधारित आयवर्धक गतिविधियों पर विशेष चर्चा होगी। किसानों के व्यावहारिक अनुभव अन्य कृषकों को भी नई तकनीकों और उन्नत पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कृषि एवं संबंधित विभागों की लगेगी प्रदर्शनी
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि एवं संबंधित विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें कृषि विभाग, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, कृषि विज्ञान केंद्र, मत्स्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य संबंधित संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, विभिन्न कृषि गतिविधियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में खेती की आधुनिक पद्धतियों, उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा कृषि के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी जाएगी।
सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए विभागों के अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें किसानों की सहभागिता, परिवहन, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन, मीडिया प्रबंधन, लाइव प्रसारण एवं प्रचार-प्रसार जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।