अपराध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में उन पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 9 अधिकारी-कर्मचारियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया है। पुलिस स्मृति दिवस पर इन वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वाेच्च बलिदान का स्मरण किया जाएगा।

शहीद पुलिसकर्मियों में स्वर्गीय आशीष शर्मा, निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल), स्वर्गीय अशोक शर्मा, उप निरीक्षक, स्वर्गीय मदनलाल निनामा, सहायक उप निरीक्षक,स्वर्गीय परिमाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 291,स्वर्गीय ओम प्रकाश भवेदी, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 40, स्वर्गीय सर्जन सिंह भील, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 580,स्वर्गीय आरती पाल, महिला आरक्षक क्रमांक 1480, स्वर्गीय महेश प्रसाद पाठक, आरक्षक क्रमांक 98 तथा स्वर्गीय विकास चतुर्वेदी, आरक्षक क्रमांक 987 शामिल हैं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला पुलिस बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला और पुरुष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल एवं श्वान दल की टुकड़ियां भाग लेंगी। पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।