मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: कुरवाई के 3 क्लस्टर में आज लगेंगे शिविर, योजनाओं का मिलेगा मौके पर लाभ
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आमजन को शासन की योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए जिले में शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार 29 अगस्त को कुरवाई जनपद पंचायत एवं नगर परिषद क्षेत्र के चिन्हित तीन क्लस्टरों के निर्धारित स्थलों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की जाएगी। टेक होम राशन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित होने वाले टेक होम राशन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करते समय टेक होम राशन के पैकेट की अनिवार्य रूप से जांच करें।
निरीक्षण के दौरान राशन की गुणवत्ता, पैकेट की स्थिति, निर्धारित मात्रा और हितग्राहियों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली जाएगी। टेक होम राशन स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार कर आंगनबाड़ी केंद्रों को उपलब्ध कराया जाता है। यह पोषण आहार 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को दिया जाता है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के पोषण से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी नियमित मैदानी निरीक्षण कर गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित करें। शिविरों में सेवाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में नागरिकों को अधिक से अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर उनका त्वरित निराकरण करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और शासकीय सेवाओं की पहुंच को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाना है।