मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में, विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने लिया जायजा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
करैरा। मंगरौनी में 18 सितंबर को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को क्षेत्रीय विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने अधिकारियों के साथ राम जानकी स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने शिविर स्थल पर आमजन की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैठने की व्यवस्था, विभागवार काउंटर, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी विधायक को दी।
इस दौरान करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा, नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी, जनपद सीईओ ब्रह्मानंद गुप्ता, मंगरौनी नगर परिषद सीएमओ गोपाल कृष्णा गुप्ता और इंजीनियर अभय प्रताप सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं और आवेदनों का प्राथमिकता के साथ मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिविर का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
18 सितंबर को लगेगा शिविर
मंगरौनी के राम जानकी स्टेडियम में 18 सितंबर को आयोजित होने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं और विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया मौके पर की जाएगी। प्रशासन द्वारा शिविर को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।