मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की शत-प्रतिशत प्रदायगी सुनिश्चित करें—कलेक्टर

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की निर्धारित सभी सेवाओं की शत-प्रतिशत प्रदायगी सुनिश्चित की जाए।
जिन क्षेत्रों में जनविश्वास अभियान आयोजित होगा, वहां के कुपोषित बच्चों की स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही पोषण सेवाओं का फॉलोअप वे स्वयं करेंगे। उन्होंने पोषण सेवाओं की प्रदायगी में लापरवाही बरतने वाले सबसे कम प्रदर्शन करने वाले पांच सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए खाली प्लॉटों में जमा पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्लॉटों में लंबे समय से पानी जमा है, वहां नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधितों पर स्पॉट फाइन लगाया जाए।
जलभराव वाले स्थानों की नियमित निगरानी के साथ मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक दवा का छिड़काव और जन-जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं। श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिन शासकीय कर्मचारियों की अभी तक आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट—आभा आईडी नहीं बनी है, उनकी आईडी अभियान चलाकर बनाई जाए।
उन्होंने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निक्षय पोषण योजना में सहयोग के लिए सीएसआर भागीदारों की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स द्वारा सितंबर माह में आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने अभियान के दौरान लक्षित आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।