खेल

मुख्यमंत्री खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को खेल अलंकरण से किया सम्मानित

लेखक: AIR Raipur अंतिम अपडेट: 29 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुख्यमंत्री खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को खेल अलंकरण से किया सम्मानित

रायपुर, 29 अगस्त 2026 देशभर में आज महान हॉकी खिलाड़ी और पद्म भूषण पुरस्कार विजेता, मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने सभी खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका समर्पण, जुनून और दृढ़ संकल्प देश को गौरवान्वित करता है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित

मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक सौ पच्चीस चयनित खिलाड़ियों, प्रषिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया। इनमें बयासी खिलाड़ी और तैंतालीस प्रशिक्षक और निर्णायक शामिल हैं।

इन्हें शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद कौषल यादव, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। बस्तर और सरगुजा ओलंपिक हर साल आयोजित किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर का खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स भी इस साल छत्तीसगढ़ में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार पांच प्रमुख मिशनों पर काम कर रही है। इनमें खेल उत्कृष्ट मिशन भी शामिल है। समारोह में उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरूण साव और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सहित सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

A
AIR Raipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।