मुख्यमंत्री ने मैदानी अधिकारियों के साथ की बैठक, दीपावली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मैदानी अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए सीएम ने अवैध और प्रतिबंधित पटाखों के उपयोग पर रोक लगाने तथा कार्बाइड गन और लैंप के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने को कहा।
उन्होंने छोटे व्यापारियों को तहबाजारी से छूट देने और उन्हें अनावश्यक परेशान नहीं करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अवैध और जहरीली शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही गांजा और अफीम जैसे मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने 9 नवंबर को प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा के आयोजन करने और गौशालाओं में गौपूजन कराने की बात कही। उन्होंने धनतेरस के दिन मुख्यमंत्री स्वामित्व रजिस्ट्री योजना के तहत अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को पक्की रजिस्ट्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सामान्य वर्षा वाले 12 जिलों में फसल सर्वे कराकर पात्र किसानों को राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए।
-------