मुख्यमंत्री ने की परिवहन विभाग के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 30 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को न्यूनतम करने के लिए संबंधित विभागों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में परिवहन विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में श्री साय ने ‘जीरो फेटेलिटी’ के लक्ष्य के लिए परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगरीय निकायों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य तेज करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के विस्तार और दूरस्थ क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधा बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कोंटा से जगरगुंडा के बीच पहली बार प्रारंभ हुई बस सेवा से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है।
बताया गया कि अंदरूनी और सुदूर क्षेत्रों से इस यात्रा में पहले लगभग छह घंटे तक का समय लग जाता था। बस सेवा प्रारंभ होने के बाद यही सफर लगभग 45 मिनट में पूरा हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी विकास की गति को तेज करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिन क्षेत्रों में वर्षों तक सार्वजनिक परिवहन सीमित रहा है, वहां नियमित बस सेवा आम नागरिकों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वाहनों की फिटनेस जांच व्यवस्था की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों की वर्तमान व्यवस्था और नए केंद्रों की स्थापना के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने के अभियान को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के साथ वाहन मालिकों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए।
बैठक में ड्राइविंग टेस्ट के लिए विकसित की जा रही ई-ट्रैक व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अंतर्गत सीसीटीवी कैमरों और सेंसर आधारित प्रणाली के माध्यम से कम्प्यूटराइज्ड ड्राइविंग टेस्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
बैठक में राज्य की इलेक्ट्रिक वाहन नीति तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा नई तकनीक आधारित परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा परिवहन विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा का उद्देश्य सड़कों पर दुर्घटनाओं को कम कर ‘जीरो फेटेलिटी’ हासिल करना है। यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है और जनहानि की घटनाएँ चिंताजनक स्तर पर हैं। इस समीक्षा से परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य और नगर निकायों का समन्वय मजबूत होगा, जिससे सड़क सुरक्षा नीतियाँ प्रभावी होंगी और आम जनता को सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
सड़क दुर्घटनाएँ न केवल जीवन का आघात हैं, बल्कि समाज की एकजुटता की परीक्षा भी हैं। जब हम ‘जीरो फेटेलिटी’ का लक्ष्य रखते हैं, तो हमें न केवल नियमों की कठोरता पर बल देना चाहिए, बल्कि सहानुभूति और सहयोग को भी बढ़ावा देना चाहिए। हर यात्री को सुरक्षित मार्गदर्शन, हर अधिकारी को जवाबदेही, और हर नागरिक को जागरूकता की ज़रूरत है। इस मिशन में हम सबका योगदान एक सुरक्षित, दयालु समाज की नींव रखेगा।