राज्य

मुख्यमंत्री सहारा योजना से पात्र मरीजों को मिलेगा आर्थिक संबल: मुकेश रेपसवाल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुख्यमंत्री सहारा योजना से पात्र मरीजों को मिलेगा आर्थिक संबल: मुकेश रेपसवाल

पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से करें ऑनलाइन आवेदन

सितंबर 17, चंबा (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने मुख्यमंत्री सहारा योजना कि जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। योजना के तहत अधिसूचित बीमारियों से पीड़ित पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है ताकि बीमारी के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा योजना के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई है। वर्तमान में 4,050 सक्रिय पात्र लाभार्थियों का डाटा नई ऑनलाइन प्रणाली में स्थानांतरित किया जा चुका है तथा उनका आधार आधारित ई-केवाईसी भी पूर्ण किया गया है।

पात्र लाभार्थियों को अप्रैल से जून, 2026 की अवधि की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के नए पात्र लाभार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति घर बैठे ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए पोर्टल https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan⁠ पर जाकर मुख्यमंत्री सहारा योजना का चयन किया जा सकता है। उन्होंने सभी पात्र लोगों से मुख्यमंत्री सहारा योजना की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार समय पर ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया है। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा संबंधित विभागों से भी योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।