राजनीति

आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे मेगा फुटवियर पार्क का उद्घाटन:5 कंपनियों को मिला अलॉटमेंट; 2100 लोगों को रोजगार की उम्मीद, महवल में 62 एकड़ में बना है पार्क

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे मेगा फुटवियर पार्क का उद्घाटन:5 कंपनियों को मिला अलॉटमेंट; 2100 लोगों को रोजगार की उम्मीद, महवल में 62 एकड़ में बना है पार्क

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर के दौरे पर रहेंगे। मोतीपुर स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में बने मेगा लेदर फुटवियर एंड एक्सेसरीज क्लस्टर का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी है। करीब 62 एकड़ में विकसित इस पार्क में अब तक पांच कंपनियों को जगह आवंटित की गई है।

इन कंपनियों के जरिए करीब 2100 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। पार्क में उद्योग लगाने के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, ताकि उद्यमियों को बुनियादी ढांचे पर शुरुआती निवेश कम करना पड़े और उत्पादन शुरू करने में आसानी हो। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के माध्यम से तैयार इस परियोजना का उद्देश्य लेदर उत्पादों और फुटवियर उद्योग को बढ़ावा देना है।

यहां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को भी उद्योग लगाने का अवसर मिलेगा। केंद्र और राज्य सरकार की राशि से विकसित इस पार्क से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। तीन ब्लॉक में प्लग एंड प्ले सुविधा पार्क में तीन ब्लॉक बनाए गए हैं।

यहां जी प्लस-2 यानी भूतल के अलावा दो मंजिलों वाली प्लग एंड प्ले सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत उद्यमियों को तैयार औद्योगिक ढांचा मिलेगा, जिसका इस्तेमाल कर वे अपना काम शुरू कर सकेंगे। इससे शुरुआत में बुनियादी ढांचे और अन्य जरूरी सुविधाओं पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।

पार्क में कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी बनाया गया है। इसमें करीब साढ़े आठ करोड़ रुपए की मशीनें लगाई गई हैं। इस साझा केंद्र के जरिए छोटे उद्यमियों को भी आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें अलग-अलग महंगी मशीनें खरीदने की जरूरत कम होगी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

अब तक पांच कंपनियों को पार्क में अलॉटमेंट दिया गया है। इनमें कुछ को प्लग एंड प्ले सुविधा और कुछ को जमीन आवंटित की गई है। इन कंपनियों से करीब 2100 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक रोजगार का आंकड़ा कंपनियों की स्थापना और उत्पादन शुरू होने के बाद स्पष्ट होगा।

आगे चलकर कर्मचारियों के लिए पुरुष और महिला हॉस्टल की सुविधा विकसित करने तथा पार्क को रेल लाइन से बेहतर कनेक्टिविटी देने की भी योजना है। उद्घाटन से पहले डीएम-एसएसपी ने की ब्रीफिंग, 5 किमी में ड्रोन पर रोक मुख्यमंत्री के आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया।

अधिकारियों को सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और जरूरी प्रशासनिक तैयारियों को लेकर निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए महवल औद्योगिक क्षेत्र स्थित हेलीपैड और उसके आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे को 14 अक्टूबर शाम 4 बजे से 15 अक्टूबर शाम 4 बजे तक अस्थायी रेड जोन और नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है।

इस अवधि में ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरामोटर, पैराग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर समेत अन्य गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी ने पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी और पश्चिमी-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है।

प्रशासन उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियों में जुटा है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।