मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना अनाथ और बेसहारा बच्चों के लिए बनी सहारा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अगस्त 08, मंडी (हिमाचल प्रदेश): मंडी जिले के करसोग उपमंडल में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना अनाथ और बेसहारा बच्चों के लिए सहारा बन रही है। योजना के तहत शिक्षा, उच्च अध्ययन और जेब खर्च के साथ अब पात्र लाभार्थियों को अपना घर बनाने के लिए भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। करसोग में 23 पात्र लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए तीन लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
यह राशि चार किस्तों में दी जाती है और सभी लाभार्थियों को अब तक दो किस्तें जारी की जा चुकी हैं। योजना के लाभार्थियों का कहना है कि शिक्षा और रोजमर्रा के खर्च की चिंता दूर होने के बाद अब अपने घर का सपना भी पूरा होता दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि इस सहायता से उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ जीवन आगे बढ़ाने का भरोसा मिला है।
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत सरकार अनाथ और बेसहारा बच्चों की शिक्षा से लेकर कौशल विकास और आवास तक सहायता उपलब्ध करवा रही है। करसोग में योजना का असर अब इन लाभार्थियों के जीवन में सुरक्षा और आत्मविश्वास के रूप में दिखाई दे रहा है।