राजनीति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां रनेश्वर रामचंडी मंदिर में की पूजा-अर्चना, सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां रनेश्वर रामचंडी मंदिर में की पूजा-अर्चना, सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज महासमुंद जिले के गढ़फुलझर स्थित मां रनेश्वर रामचंडी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही, मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से डोम निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सभी को रामचंडी दिवस की बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में मानसरोवर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 48 लाख रुपये और करीब पौने दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए पर्यटन, सिंचाई और सुशासन को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने मां रामचंडी मंदिर को क्षेत्र की महत्वपूर्ण आध्यात्मिक विरासत बताया। वहीं, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मंदिर की सीढ़ियों पर शेड निर्माण के लिए सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कोलता समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।