मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के लिए 30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राजगढ़। युवाओं में प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल, संचार दक्षता, विश्लेषणात्मक सोच और तकनीकी क्षमताओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला समन्वयक सेडमैप उमेश पाठक ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के इस कार्यक्रम के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड से 15 इंटर्न्स का चयन किया जाएगा।
इंटर्नशिप की अवधि एक वर्ष होगी। कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश के स्थानीय निवासी और जिस जिले के लिए आवेदन किया जा रहा है, उस जिले के मूल निवासी युवा पात्र होंगे। आवेदक की आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही वर्ष 2022-23, 2023-24 या 2024-25 में भारत में विधि द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त होना आवश्यक है।
30 सितंबर तक आवेदन
इच्छुक और पात्र युवा एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल के सर्च बॉक्स में ‘मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम’ खोजकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी सेडमैप की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदकों को केवल एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। अन्य माध्यमों से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।