देश

मुंबई: शिवराज सिंह आज बैंकों के साथ करेंगे उच्चस्तरीय बैठक

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुंबई: शिवराज सिंह आज बैंकों के साथ करेंगे उच्चस्तरीय बैठक

सितंबर 03, नई दिल्ली: कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह आज मुंबई में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों और बैंकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले ऋण की औसत राशि बढ़ाने और व्यक्तिगत उद्यम ऋण को दोगुना करने पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।

बैठक में जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के स्तर पर सहकारी ऋण व्यवस्था की भूमिका मजबूत करने पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही लंबे समय से लंबित ऋण मामलों और ऋण वितरण में होने वाली देरी की समस्या का समाधान तलाशने पर जोर रहेगा।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, वित्तीय सेवा विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, सहकारी बैंक, नाबार्ड, पीएफआरडीए, केंद्रीय मंत्रालयों और अन्य प्रमुख संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

ग्रामीण विकास मंत्रालय दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में समुदाय आधारित संस्थाओं को मजबूत करने और उन्हें स्थायी आजीविका से जोड़ने का काम कर रहा है।

पिछले करीब डेढ़ दशक में मिशन के तहत 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाओं को 93 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। फ़ाइल फ़ोटो

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।