अपराध

मुंगेर : मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुंगेर : मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

Marking : Lead All

मुंगेर : मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

मुंगेर में पुलिस ने 20 ग्राम मादक पदार्थ, दो पिस्टल, कारतूस, मैगजीन और 1.38 लाख रुपये बरामद किए। तीन आरोपित गिरफ्तार, मुख्य आरोपित फरार।

03 अक्टूबर , मुंगेर (मुंगेर , बिहार) : जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूरबसराय थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कमैला क्षेत्र स्थित एक घर में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 20 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, दो देसी पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और 1 लाख 38 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपित मो. सन्नी उर्फ रिजवान मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमैला निवासी मो. सन्नी उर्फ रिजवान के घर से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पूरबसराय थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, टीम ने घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। इस दौरान वहां मौजूद चार लोग भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि मो. सन्नी उर्फ रिजवान फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर बसगढ़ा निवासी सोनू कुमार, नयागांव निवासी रमन कुमार और पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमैला निवासी मो. ऐहतेसाम के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ अवैध हथियार, कारतूस, मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और नकदी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मो. सन्नी उर्फ रिजवान को मामले का मुख्य आरोपित बताया गया है। पुलिस को उसके सहयोगियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर मादक पदार्थ की आपूर्ति किए जाने की जानकारी मिली है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।

एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर रोक लगाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों की सूचना प्राप्त करने के लिए पुलिस लाइन स्थित एनडीपीएस नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आम लोग 9031828098 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस स्टोरी फोल्डर में :

बाइट - सैयद इमरान मसूद एसपी, मुंगेर

Caption : मुंगेर में पुलिस ने 20 ग्राम मादक पदार्थ, दो पिस्टल, कारतूस, मैगजीन और 1.38 लाख रुपये बरामद किए। तीन आरोपित गिरफ्तार, मुख्य आरोपित फरार।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।