अपराध

मुंगेर : शराब केस में गड़बड़ी पर 9 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मुंगेर : शराब केस में गड़बड़ी पर 9 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

Marking : Lead All

मुंगेर : शराब केस में गड़बड़ी पर 9 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

मुंगेर में शराब मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों की गड़बड़ी के आरोप में 8 पुलिसकर्मी और चौकीदार निलंबित हुए। मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर भी कार्रवाई की अनुशंसा।

03 अक्टूबर , मुंगेर (मुंगेर, बिहार) : शराब से संबंधित मामलों की प्राथमिकी में कथित तौर पर तथ्यों में गड़बड़ी और लापरवाही बरतने के आरोप में मुफस्सिल थाना में तैनात आठ पुलिसकर्मियों एवं एक चौकीदार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने जांच में अनियमितता के साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार के निलंबन की अनुशंसा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) से की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के दौरान तथ्यों में कथित गड़बड़ी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद मामले की जांच अंचल पुलिस निरीक्षक से कराई गई। प्रारंभिक जांच में सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा और दारोगा नुरैन अंसारी की भूमिका सामने आने पर दोनों को 26 सितंबर को निलंबित कर दिया गया।

मामले की विस्तृत जांच के लिए डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जांच टीम ने थाने के अभिलेखों का परीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया तथा संबंधित छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। जांच के दौरान प्राथमिकी में तथ्यों के कथित फेरबदल और प्रक्रियागत अनियमितताओं के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा, नुरैन अंसारी और वीरेंद्र कुमार के अलावा सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव तथा मुफस्सिल थाना के चौकीदार कृष्णदेव पासवान को निलंबित कर दिया गया है।

एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि पुलिस व्यवस्था जनता के विश्वास पर आधारित होती है और किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही से आम लोगों का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि अगस्त और सितंबर माह में दर्ज दो शराब मामलों को लेकर सार्वजनिक स्तर और अन्य स्रोतों से शिकायतें मिली थीं कि प्राथमिकी में तथ्यों का सही उल्लेख नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के आधार पर कराई गई जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और चौकीदार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस स्टोरी फोल्डर में :

बाइट - सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर

Caption : मुंगेर में शराब मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों की गड़बड़ी के आरोप में 8 पुलिसकर्मी और चौकीदार निलंबित हुए। मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर भी कार्रवाई की अनुशंसा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।