नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक आज:शहर की व्यवस्थाओं पर मंथन, छह विभागों के अफसरों से लिया जाएगा हिसाब
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में बदलाव और शहर की व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर शुक्रवार को चर्चा होगी। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की 16वीं बैठक दोपहर एक बजे सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में पुनरीक्षित बजट पर विचार-विमर्श के साथ ही निर्माण, जलकल, पथ प्रकाश, रेंट, स्वास्थ्य और कर विभाग के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
ऐसे में बैठक में शहर के विकास कार्यों और नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहेंगे। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के अनुसार, बैठक की कार्यसूची जारी कर दी गई है। इसमें पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि, पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा और पुनरीक्षित बजट पर चर्चा सहित कई बिंदु शामिल किए गए हैं।
सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारी और रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। पहले पिछली बैठकों के फैसलों की होगी समीक्षा बैठक की शुरुआत पिछली कार्यकारिणी बैठकों की कार्यवाही से होगी। सबसे पहले 30 जुलाई 2026 को आयोजित कार्यकारिणी समिति की 15वीं बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी।
इसके बाद 12 जून 2026 को हुई 14वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की आख्या प्रस्तुत की जाएगी। इसके जरिए पिछली बैठकों में तय किए गए कार्यों की प्रगति और उनके अनुपालन की स्थिति कार्यकारिणी के सामने रखी जाएगी। पुनरीक्षित बजट पर होगी चर्चा बैठक का प्रमुख एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 का पुनरीक्षित बजट है।
इस पर कार्यकारिणी के सदस्य विचार-विमर्श करेंगे। बजट में संशोधन से जुड़े प्रस्तावों और नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, बजट में किन मदों में कितना बदलाव प्रस्तावित है, इसकी जानकारी कार्यसूची में नहीं दी गई है। छह विभागों के कामकाज की होगी समीक्षा कार्यकारिणी की बैठक में नगर निगम के निर्माण, जलकल, पथ प्रकाश, रेंट, स्वास्थ्य और कर विभाग के कार्यों पर भी चर्चा होगी।
इन विभागों से संबंधित कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। शहर में विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य एवं सफाई व्यवस्था और कर वसूली से जुड़े विषयों पर विभागीय जानकारी रखी जाएगी। बैठक में महापौर डॉ.
मंगलेश श्रीवास्तव की अनुमति से अन्य विषय भी चर्चा के लिए रखे जा सकेंगे। इससे कार्यसूची में शामिल मुद्दों के अलावा शहर और नगर निगम से संबंधित दूसरे विषयों पर भी चर्चा का रास्ता खुला रहेगा। अधिकारियों को तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित बिंदुओं पर पूरी तैयारी के साथ समय से बैठक में उपस्थित रहें। बैठक के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। अब कार्यकारिणी की बैठक में पुनरीक्षित बजट और विभागीय कामकाज की समीक्षा के दौरान होने वाली चर्चा पर नजर रहेगी।
📡 स्रोत: NewsData.io