भोपाल

नजीराबाद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत लापरवाही के आरोप

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

खून की कमी बताकर चढ़ाया जा रहा था रक्त हालत बिगड़ने पर भोपाल किया रेफर

नजीराबाद। नजीराबाद के सुनहेरा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 43 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद भोपाल में मौत होने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार सुराना निवासी सीताबाई पत्नी श्यामलाल इलाज के लिए सुनहेरा स्थित निजी अस्पताल पहुंची थीं। अस्पताल में उन्हें खून की कमी बताकर रक्त चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा महिला को भोपाल रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था और चिकित्सकीय योग्यता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में योग्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी के बिना मरीजों का इलाज किया जाता है और इसी लापरवाही के चलते महिला की जान चली गई।

महिला को रक्त चढ़ाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या था यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अस्पताल में इलाज एवं रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुसार की गई थी या नहीं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।