अपराध

नजीराबाद पुलिस का बड़ा खुलासा, रुनाहा के अंधे कत्ल की कोशिश का 72 घंटे में पर्दाफाश!

लेखक: Aleem Pathan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नजीराबाद पुलिस का बड़ा खुलासा, रुनाहा के अंधे कत्ल की कोशिश का 72 घंटे में पर्दाफाश!

प्लॉट की अड़ीबाजी बनी खूनी साजिश: 50 हजार की सुपारी, किराए की टोयोटा पर मिट्टी पोतकर आए आरोपी, 5 गिरफ्तार - मास्टरमाइंड सहित 2 फरार

भोपाल देहात के नजीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रुनाहा में पिछले दिनों हुई सनसनीखेज और अंधे हत्या के प्रयास की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। लेकिन नजीराबाद पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड केस का सनसनीखेज खुलासा कर 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जबकि इस खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड सहित एक आरोपी अभी भी फरार हैं।

बागसी रोड पर रास्ता पूछने के बहाने लोहे की रॉड से किया हमला

दरअसल, फरियादी इन्दर सिंह गुर्जर (55 वर्ष) निवासी बिजावनखुर्द थाना नजीराबाद ने 8 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी मोटर साइकिल से ग्राम रुनाहा से अपने गांव बिजावनखुर्द (रतनपुर) लौट रहा था। तभी बागसी रोड पर एक सफेद रंग की संदिग्ध कार में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोका।

एक बदमाश कार से उतरकर नरसिंहगढ़ का रास्ता पूछने लगा और देखते ही देखते चारों ने कार से उतरकर लोहे की रॉड से जान से मारने की नियत से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में इन्दर सिंह के हाथ-पैरों में कई जगह गंभीर फैक्चर आए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने अप. क्र. 227/2026 धारा 109(1), 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।

एसपी के निर्देश पर 4 टीमें, 100 से ज्यादा CCTV खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देहात भोपाल पंकज कुमार पाण्डे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर और एसडीओपी बैरसिया सुश्री वैशाली सिंह कराहलिया ने थाना प्रभारी नजीराबाद निरीक्षक सहवाज खान के नेतृत्व में 4 अलग-अलग टीमें गठित कीं।

टीमों ने घटनास्थल के आस-पास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सायबर शाखा (देहात) भोपाल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई और आस-पास के लोगों से सघन पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों पर 3000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इसी मेहनत का नतीजा रहा कि पुलिस ने सफेद टोयोटा कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर भोपाल से वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों को दबोच लिया।

प्लॉट की रसीद बनी खूनी रंजिश की वजह, दी 50 हजार की सुपारी

पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई वह चौंकाने वाली है। आरोपी हाकम सिंह गुर्जर (32) जगमेरी ने बताया कि इन्दर सिंह गुर्जर को तीन साल पहले एक प्लॉट बेचा था। बावजूद इसके इन्दर सिंह वही पुरानी रसीद दिखाकर दोबारा प्लॉट देने की अड़ीबाजी कर रहा था। इसी रंजिश में उसने एवं ग्राम रुनाहा के पंचायत सचिव जितेन्द्र श्रीवास्तव (42) ने मिलकर खौफनाक साजिश रची।

जितेन्द्र और हाकम ने योजना बनाकर प्रदुमन गुर्जर और उसके साथियों को 50 हजार रुपये की सुपारी देकर इन्दर सिंह को रास्ते से हटाने का ठेका दिया।

फिल्मी स्टाइल में वारदात: किराए की कार, मिट्टी से छुपाया नंबर, बस स्टैंड पर बुलाकर रेकी

साजिश को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया गया। जिसमें आरोपी संजय विश्वकर्मा उर्फ धनवीर और साथियों ने भोपाल से सफेद रंग की टोयोटा टायसर कार एक दिन के लिए किराए पर ली और उसकी नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत दी ताकि कैमरे में न आए। मुख्य आरोपियों ने पीड़ित की मौजूदगी पक्की करने के लिए उसे मिलने के बहाने रुनाहा बस स्टैंड पर बुलाया। फिर आरोपी विशाल गुर्जर कार से आए चारों आरोपियों को रेकी कर पल-पल की लोकेशन और सूचना देता रहा। जैसे ही इन्दर सिंह घर लौटते समय सुनसान बागसी रोड पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया और फरार हो गए।

गिरफ्तार और फरार आरोपी

पुलिस ने जिन 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे हैं:

  1. हाकम सिंह गुर्जर (32) पिता लाखन सिंह - ग्राम जगमेरी
  2. प्रदुमन गुर्जर (27) पिता लक्ष्मण सिंह उर्फ नानाजी - ग्राम गुजरटोडी
  3. दीपक लोधी (22) पिता अजब सिंह - ग्राम मानाकुण्ड, थाना नजीराबाद
  4. धनवीर उर्फ संजय विश्वकर्मा (21) पिता प्रेम सिंह - ग्राम गुजरटोडी, थाना नजीराबाद
  5. रामवीर लोधी (24) पिता तोरण सिंह - ग्राम सेमरा, थाना बैरसिया, हाल करोंद

फरार चल रहे 2 आरोपी:

  1. जितेन्द्र श्रीवास्तव (42) पिता मुन्नालाल - ग्राम रनाहा, थाना नजीराबाद (मास्टरमाइंड)
  2. विशाल गुर्जर (23) पिता मांगीलाल - ग्राम अमरपुर, थाना नजीराबाद

पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश और विवेचना लगातार जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरे सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी सहवाज खान के नेतृत्व में उनि फूल सिंह किरार, उनि महेश सूर्यवंशी, सउनि राम सिंह नंदया, प्रआर. 32 प्रदीप किरार, प्रआर. 50 भागीरथ प्रसाद, प्रआर. प्रशांत लववंशी, प्रआर. 24 सतीश जाट, प्रआर. जितेन्द्र सक्सेना, आर. कृष्ण कुमार, आर. राघवेन्द्र दुबे, आर. संजय अम्ब, आर. देवेन्द्र सिंह, आर. मनोज धाकड़, आर. मांगीलाल, आर. मनफूल मीणा, आर. उपेन्द्र सिंह, प्रआर. मुस्ताक खान, प्रआर. योगेश मिश्रा और प्रआर. योगेश भावसार (सायबर सेल भोपाल देहात) का विशेष योगदान रहा।

A
Aleem Pathan

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।