नानाराव पार्क का संचालन निजी एजेंसी को देने की तैयारी:बढ़ सकती है एंट्री फीस,अब 9 सितंबर को खुलेगा टेंडर
कानपुर के नानाराव पार्क का संचालन और रखरखाव अब प्राइवेट कंपनी या एजेंसी के हाथों में देने की तैयारी है। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने पार्क के संचालन के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए री-टेंडर जारी किया गया है।
नानाराव पार्क के साथ यहां स्थित स्वीमिंग पूल और अन्य व्यवस्थाओं का संचालन भी एजेंसी को सौंपा जाएगा। मॉल रोड पर नानाराव पार्क का संचालन फिलहाल नगर निगम और कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है, लेकिन अब इसे प्राइवेट कंपनी को देने की योजना है।
इसके लिए नानाराव पार्क (स्विमिंग पूल सहित), गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क और फुटओवर ब्रिज के संचालन समेत रखरखाव के लिए एजेंसी का चयन किया जाना है। 8 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से जारी री-टेंडर में इच्छुक कंपनियां और एजेंसियां 8 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं।
इसके बाद 9 सितंबर को टेंडर खोले जाएंगे और योग्य एजेंसी का चयन किया जाएगा। इससे पहले भी पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन किसी एजेंसी ने रुचि नहीं दिखाई थी। निजी हाथों में जाने पर बढ़ सकता है शुल्क नानाराव पार्क शहर के बीचों-बीच स्थित है और करीब 25 एकड़ क्षेत्र में फैला है।
आजादी की लड़ाई से भी इस पार्क का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। पार्क सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहता है। फिलहाल यहां प्रवेश शुल्क 10 रुपये प्रति व्यक्ति है। प्राइवेट एजेंसी के संचालन में आने के बाद प्रवेश शुल्क बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
पार्क में हैं कई सुविधाएं नानाराव पार्क में हर्बल पार्क, पाथ-वे, सिंथेटिक साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए झूले, प्लांट नर्सरी और स्वीमिंग पूल जैसी सुविधाएं हैं। यहां स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां भी स्थापित हैं। साल 2022-23 में स्मार्ट सिटी योजना के तहत पार्क का जीर्णोद्धार कराया गया था।
इस दौरान वेस्ट मैटेरियल से बने झूले, मोमेंटो और टाइल झूले लगाए गए।
📡 स्रोत: NewsData.io