नरसिंहगढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, 80 लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राजगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नरसिंहगढ़ स्थित स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 80 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं और आमजन को तंबाकू तथा तंबाकू से बने विभिन्न उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।
बताया गया कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे टीबी, कैंसर तथा हृदय संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इस दौरान नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी 80 प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।