राज्य

नरसिंहपुर- ईद मिलाद-उन-नवी, जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 25 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नरसिंहपुर- ईद मिलाद-उन-नवी, जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्वों के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

जुलूस मार्ग में सीवरेज के गड्ढों की मरम्मत, साफ-सफाई, चूने की लाइन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

धार्मिक पर्वों के दौरान नर्मदा तटों पर होने वाले आयोजनों एवं विसर्जन को देखते हुए नाव, गोताखोर, रेस्क्यू टीम, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शांति समिति के सदस्यों ने जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती किए जाने की आवश्यकता भी बताई। गणेश उत्सव को लेकर निर्देश दिए गए कि गणेश पंडाल सड़क पर नहीं लगाए जाएंगे। पंडालों की स्थापना निर्धारित एवं उपयुक्त स्थानों पर ही की जाएगी।

आयोजकों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी कहा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर गणेश मंडलों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए भी कहा गया।

बैठक में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए। रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

निर्धारित समय में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। समिति द्वारा आगामी धार्मिक पर्वों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित एवं निर्धारित उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई। धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल उपलब्ध रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने एवं उनके सड़कों पर विचरण करने की स्थिति में संबंधित पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। समिति सदस्यों द्वारा नरसिंहपुर रेलवे ओवरब्रिज के सर्विस रोड की मरम्मत कराए जाने की आवश्यकता बताई गई।

इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सर्विस रोड का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।