नरसिंहपुर- जल जन सेवा यात्रा का गोटेगांव में भव्य स्वागत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से गुजरात के वड़नगर तक निकाली जा रही जल जन सेवा यात्रा गुरूवार को गोटेगांव आगमन हुआ। जिले में दो यात्राओं का आगमन हुआ है।रूट क्रमांक 5 की यात्रा गुरुवार की सुबह अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गई है जबकि गुरुवार को दोपहर में रूट क्रमांक 7 की यात्रा का प्रवेश हुआ।इस यात्रा के नरसिंहपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने पर ग्राम भड़री, कुकलाह एवं सिमरिया होते हुए श्रीधाम नगर तक विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया।
श्रीधाम नगर पहुंचने पर सेवा यात्रियों ने श्री देव ठाकुर बाबा मंदिर पहुंचकर नगर देवता का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात गोटेगांव स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम में यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक हाकम सिंह चढ़ार, नगर पालिका अध्यक्ष पूनम जितेंद्र ठाकुर, अन्य जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी मौजूद थे।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सेवा यात्रियों ने शालेय खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया। यात्रा के प्रभारी गौतम ठाकुर एवं सह प्रभारी गौरव राजावत ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश के विकास और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सेवा, अनुशासन, राष्ट्रभाव और सामाजिक दायित्व को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्रहित से जुड़े संकल्प प्रमुख रहे हैं। उन्होंने देश की प्रगति में नागरिकों की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिले के प्रतिभावान शालेय खिलाड़ियों का सम्मान एवं प्रोत्साहन रहा। नरसिंहपुर जिले से राष्ट्रीय, प्रदेश, संभागीय एवं जिला स्तर पर चयनित 265 शालेय खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर खेलों के माध्यम से बच्चों में खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट नागरिक बनने की भावना विकसित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नाटिका के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रभावी चित्रण किया। नाटिका को उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा।