नारायण नाथ महाराज का 38वां सत्संग:भंडारा 26 अगस्त को, विधायक हंसराज पटेल ने पोस्टर का विमोचन किया
कोटपूतली के ग्राम चौकी गोरधनपुरा स्थित नारायण नाथ मंदिर में श्री श्री 1008 श्री नारायण नाथ महाराज की स्मृति में 38वें वार्षिक सत्संग और विशाल भंडारे का आयोजन 26 अगस्त से किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को विधायक हंसराज पटेल ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।
यह दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम 26 अगस्त, बुधवार को रात्रि 09.15 बजे से भव्य सत्संग के साथ शुरू होगा। इसमें गायक कलाकार अंकुर शर्मा और प्रियंका चौधरी एण्ड हरियाणवी पार्टी भजनों की प्रस्तुति देंगे।
अगले दिन, 27 अगस्त, गुरुवार को दोपहर 12.15 बजे से विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशी घी के मालपुए की विशेष प्रसादी तैयार की जाएगी। कार्यक्रम में विधायक हंसराज पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पूर्व विधायक सूरजभान धानका विशिष्ट अतिथि होंगे। रघुवीर सिंह यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
पूर्व प्रधान बनवारी लाल यादव, समाजसेवी पूरणमल भरगड़, मनीराम शर्मा और कबीर उत्थान समिति धानका छात्रावास के प्रथम अध्यक्ष कैलाश चन्द धानका भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पोस्टर विमोचन के अवसर पर विधायक पटेल ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में समरसता, शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
समाजसेवी महेश निर्वाण ने बताया कि पोस्टर विमोचन के साथ ही क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इस दौरान समाजसेवी महेश मीणा, मंदिर कमेटी सदस्य पूरणमल, कैलाश ललाना, हनुमान अध्यापक, मुकेश धानका, ओमकार पूर्व प्रधानाचार्य, विनोद खरेरा, झब्बू धानका, हनुमान बड़ागांव, मूलचन्द खड़ब, बाबूलाल पवाना, भगवान सहाय और रामकुंवार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io