नरेंद्र नगर में पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सचिव आवास व राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना की तकनीकी और वित्तीय स्थिति की समीक्षा की गई।
15 अक्तूबर 2026, देहरादून: टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में मोटरनाला स्थित पुलिस थाने के समीप प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य को गति देने के लिए सचिवालय में विभागीय वित्त समिति की बैठक हुई। सचिव आवास व राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना की तकनीकी और वित्तीय स्थिति की समीक्षा की गई। समिति ने वित्त विभाग को निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना की प्रगति, तकनीकी आवश्यकताओं, वित्तीय पहलुओं, लागत अनुमान और निर्माण कार्य के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस पार्किंग परियोजना की अनुमोदित लागत करीब एक करोड़ 38 लाख रुपये है। धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को पार्किंग सुविधा मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।