नर्मदापुरम में बस से 650 किलो संदिग्ध मावा जब्त:भोपाल से लाया गया मावा पुराने बस स्टैंड पर उतारते समय पकड़ा, बिल-दस्तावेज नहीं मिले
नर्मदापुरम में रक्षाबंधन त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराने बस स्टैंड से एक यात्री बस में ले जाया जा रहा 650 किलो संदिग्ध मावा जब्त किया। मावा 50-50 किलो के 13 पैकेट में रखा हुआ था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई अतिरिक्त तहसीलदार डॉ.
सुरेखा यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर की टीम ने की। अधिकारियों के पहुंचने के समय बस से मावे की खेप उतारी जा रही थी। टीम ने मावा जब्त कर पंचनामा बनाया और सैंपल जांच के लिए लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
भोपाल से नर्मदापुरम लाया गया था मावा जानकारी के अनुसार कटियार बस सर्विस की यात्री बस भोपाल से छिंदवाड़ा जा रही थी। बस में 650 किलो मावा रखा हुआ था। बताया गया कि यह मावा नर्मदापुरम के अलग-अलग व्यापारियों के लिए लाया गया था।
आरोप है कि बस चालक निर्धारित मार्ग और बस स्टैंड के बजाय मावे की खेप उतारने के लिए पुराने बस स्टैंड पहुंचा। इसी दौरान अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली और टीम मौके पर पहुंच गई। बिल और दस्तावेज नहीं मिले अधिकारियों के अनुसार मावे के संबंध में बस चालक और कंडक्टर के पास बिल या अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले।
मावा किसने बुक कराया था और नर्मदापुरम में इसे कौन लेने वाला था, इसकी जानकारी भी चालक-कंडक्टर नहीं दे सके। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर ने बताया कि मावा शहर के अलग-अलग व्यापारियों के लिए आया था। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मावा नकली, मिलावटी या मानक के अनुरूप है, यह लैब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
परमिट के तय मार्ग से हटकर पुराने बस स्टैंड पहुंची बस अतिरिक्त तहसीलदार सुरेखा यादव ने बताया कि बस चालक परमिट में निर्धारित मार्ग से हटकर पुराने बस स्टैंड पहुंचा था। इस संबंध में आरटीओ को पत्र लिखकर वैधानिक कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। मावे की खेप जब्त करने की कार्रवाई के दौरान बस करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर खड़ी रही।
इससे बस में सवार महिला, पुरुष और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच तेज रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर से मावा, घी, पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को 650 किलो संदिग्ध मावा जब्त किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि मावे की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वैध दस्तावेज नहीं मिलने और अन्य अनियमितता पाए जाने पर बस चालक और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io