नर्सिंग सेवाओं को नई दिशा देने पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का ज़ोर, तकनीक के साथ संस्कार और संवेदनशीलता को बताया ज़रूरी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 8 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नर्सिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी और मानवीय बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, नवाचार के साथ संस्कार और संवेदनशीलता के समावेश पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल चिकित्सा सेवा का हिस्सा नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति समर्पण, संवेदना और सेवा भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।


सेज यूनिवर्सिटी भोपाल में 11वीं राज्य स्तरीय TNAI कांफ्रेंस-2026 का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्भ संस्कार और नर्सिंग में इनोवेटिव टेक्नोलॉजी जैसे विषय सम्मेलन को विशेष बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से ही मां और बच्चे के स्वास्थ्य तथा संस्कारों पर ध्यान देने से सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार विकसित किए जाएं तो वे आगे चलकर समाज के लिए महत्वपूर्ण संपत्ति बन सकते हैं। उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र में कार्यरत पेशेवरों से कहा कि विशेषज्ञों के व्याख्यान और विचारों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उनका मनन कर अपने आचरण और व्यवहार में उतारें।
उन्होंने कहा कि नर्सें अस्पतालों और फील्ड में मरीजों के साथ संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करें। अपने सेवा कार्यों के माध्यम से ऐसी पहचान बनाएं, जिसे लंबे समय तक याद किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में आधुनिक तकनीक जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण मानवीय संवेदना और सेवा भावना भी है।
‘रीडिफाइनिंग क्लिनिकल प्रैक्टिस: एम्पावरिंग नर्सेस थ्रू इनोवेटिव टेक्नोलॉजी’ थीम पर आयोजित दो दिवसीय कांफ्रेंस में नर्सिंग शिक्षा, क्लीनिकल प्रैक्टिस, नवाचार और तकनीक के माध्यम से नर्सिंग सेवाओं को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श होगा। पहले दिन गर्भ संस्कार, सम्मानजनक मातृ देखभाल और प्रसव की तैयारी में नर्सों की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ व्यक्तित्व एवं नृत्य प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
कांफ्रेंस के दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्रों में नर्सिंग क्षेत्र के समकालीन विषयों पर विशेषज्ञ प्रस्तुतियां देंगे। समापन सत्र में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सेज ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष एवं चांसलर संजीव अग्रवाल को आधुनिक शैक्षणिक परिसर विकसित करने तथा शिक्षा के साथ मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ‘नर्सिंग डिजिटलिया’ स्मारिका एवं ‘गर्भ संस्कार-नर्सेस प्रशिक्षण’ बुकलेट का विमोचन किया। कार्यक्रम में TNAI मध्यप्रदेश की अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुनीता लॉरेंस, राज्य सचिव प्रो. (डॉ.) जया बिजॉय, नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ निदेशक डॉ. बीनू कुशवाह सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे।