राज्य

नर्सिंग विद्यार्थियों के हित में उप मुख्यमंत्री शुक्ल के प्रयास रंग लाए, परिणाम जारी होने पर छात्रों ने जताया आभार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नर्सिंग विद्यार्थियों के हित में उप मुख्यमंत्री शुक्ल के प्रयास रंग लाए, परिणाम जारी होने पर छात्रों ने जताया आभार

परीक्षा परिणाम घोषित होने से हजारों विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई और करियर का रास्ता हुआ आसान, रीवा में विद्यार्थियों ने की मुलाकात

भोपाल, 26 सितंबर 2026। लंबे समय से लंबित नर्सिंग परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है। परिणाम जारी होने से विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। परीक्षा परिणाम घोषित होने पर नर्सिंग विद्यार्थियों और प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल को पुष्पगुच्छ भेंट कर परीक्षा परिणाम घोषित होने के लिए धन्यवाद दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि परिणाम लंबित रहने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर से जुड़ी योजनाओं को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। परिणाम घोषित होने के बाद अब उनकी शैक्षणिक प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने परीक्षा परिणाम घोषित होने पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि शासन ने न्यायालय के समक्ष छात्र हित का पक्ष रखा और न्यायालय के आदेश के परिपालन में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं।

शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े विषयों में शासन आवश्यक कदम उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हितों और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी आवश्यक प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगी।

प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के सदस्यों विनय शुक्ला, डॉ. सुमन सिंह परिहार, डॉ. जी.एल. पटेल सहित अन्य संचालकों के नेतृत्व में नर्सिंग विद्यार्थियों ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम घोषित होने से मिली राहत के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि परिणाम आने से उनकी आगे की शिक्षा और करियर से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।