नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुईं रेखा गुप्ता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 19, नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधा और नशे के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए। मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ नारे तो दिए, लेकिन इसे खत्म करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है।साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। पंजाब को नशे की आग में झोंककर अपना राजनीतिक स्वार्थ साधने वालों ने एक पूरी पीढ़ी के सपनों के साथ खिलवाड़ किया है।नशे का यह जाल अपने आप नहीं फैला।
इसे भ्रष्ट व्यवस्था, राजनीतिक संरक्षण और सत्ता की चुप्पी ने खाद-पानी दिया है। अब बहुत हो चुका! भाजपा ने प्रण लिया है कि पंजाब की जनता के साथ मिलकर इस नशा तंत्र की जड़ों पर प्रहार करेंगे। नशे के सौदागरों और उन्हें संरक्षण देने वाली व्यवस्था के विरुद्ध जनशक्ति को खड़ा करेंगे और पंजाब के हर परिवार तक नशामुक्ति का संकल्प पहुंचाएंगे।
उन्होंने आगे लिखा कि कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट से प्रथम यात्रा का शुभारंभ किया। चार महाअभियानों के माध्यम से यह लड़ाई पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचेगी और नशे के विरुद्ध जनजागरण को व्यापक जनआंदोलन बनाएगी। पंजाब अब नशे का दर्द नहीं सहेगा। एकजुट पंजाब लड़ेगा। नशे का तंत्र टूटेगा।
पंजाब फिर खुशहाल होगा।
फोटो: X/gupta_rekha