खेल

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला, युवाओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लेकर समाज को नशे से दूर रखने का दिया संदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला, युवाओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लेकर समाज को नशे से दूर रखने का दिया संदेश

कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, छात्रावास के विद्यार्थियों सहित विदिशा के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के सहायक प्रोफेसर श्री बृजेश कुमार प्रजापति ने किया। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वयं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही युवाओं ने नशा मुक्ति संकल्प पर हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता संदेश

नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को प्रभावी और रोचक बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की लत से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने संदेश दिया कि नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगा सकते हैं।

100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान

उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को किया गया था। यह मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रविवार युवाओं की सहभागिता से खेल, वॉकाथॉन, ध्यान, सांस्कृतिक गतिविधियां, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, संवाद एवं सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

माय भारत द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उन्हें नशा मुक्ति के संदेश का वाहक और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय भागीदार बनाना है। अभियान के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार युवा शक्ति के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नशा मुक्ति को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

जिला युवा अधिकारी श्री अभिषेक भारद्वाज ने युवाओं से आह्वान किया कि नशा मुक्ति को केवल व्यक्तिगत संकल्प तक सीमित न रखते हुए इसे परिवार और समाज के स्तर पर जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा यदि सही दिशा में उपयोग की जाए तो वह समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।