व्यापार

नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को बीएचईएल का मिलेगा सहयोग

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को बीएचईएल का मिलेगा सहयोग

भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त को युवाओं को नशे से दूर रखने एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए ऐबू–निफ्टू (नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन) द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय से मुलाकात की।

इस दौरान श्री उपाध्याय ने डॉ. दीपक जायसवाल का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने अभियान के उद्देश्यों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों तथा युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही युवाओं को खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

मुलाकात के दौरान महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमाराम पटेल, निफ्टू के महासचिव विराट जायसवाल, ऐबू के महासचिव एवं निफ्टू के मध्य प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गिरी, निफ्टू के राष्ट्रीय सचिव विशाल वाणी, ऐबू के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं निफ्टू के मध्य प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष सोनी, ऐबू के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार एवं निफ्टू के मध्य प्रदेश सचिव राजमल बैरागी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके साथ ही ऐबू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। बैठक में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान में बीएचईएल की सहभागिता एवं सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

बीएचईएल के सहयोग से अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने और कर्मचारियों एवं युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल किए जाने की संभावना है। अभियान के तहत ऐबू कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिसमें ऐबू के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर सभी ने नशे से दूर रहने तथा पर्यावरण को बचाने एवं उसके संरक्षण की शपथ भी ली। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।

ऐबू–निफ्टू का यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नशामुक्त युवा शक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ यह पहल विकसित भारत के निर्माण में सकारात्मक योगदान देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।