अपराध

नशे की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए: उपायुक्त

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

संलिप्तों की अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के दिए निर्देश

अगस्त 31, चंबा (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।

उपायुक्त आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

बैठक के दौरान उन्होंने जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा जनसाधारण में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न प्रावधानों का पालन सख्ती से सुनिश्चित बनाने के लिए संबंधित उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम), पुलिस उपाधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ में उन्होंने चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित बनाने को कहा। मुकेश रेपसवाल ने फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला आयुष अधिकारी को अनधिकृत रूप से आयुर्वेदिक दवाइयों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित बनाने को कहा। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा जनसाधारण में जानकारी एवं जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के लिए प्रशिक्षित किए गए मानव संसाधन की क्षमता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों बनीखेत तथा डलहौजी में उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, एसडीएम चिराग शर्मा, सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी राहुल, उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कर्ण हितैषी,जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी डॉ अनिता शर्मा, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राकेश राठौर, सहस्‍त्राब्‍दी बहु तकनीकी संस्थान पुनीत महाजन, ओएसड़ी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

यहां उल्लेखनीय यह है कि जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक कुल 62 मामले दर्ज किए गए हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस दौरान 17.516 किलोग्राम चरस बरामद कर 30 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

इसी प्रकार 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। चिट्टा से संबंधित कार्रवाई के दौरान 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन तथा 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए हैं। वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक नशा तस्करी से संबंधित मामलों में कुल 88 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला चंबा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से जारी रखा जा रहा है।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।