नौकर ने मालिक को खुद ही सुना दी मालकिन से अवैध संबंधों की कहानी... 73 साल के बुजुर्ग ने उठाई कुल्हाड़ी; बैतूल में हत्या से सनसनी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बैतूल। पत्नी को लेकर नौकर की कथित आपत्तिजनक बात ने एक बुजुर्ग को इतना नाराज कर दिया कि विवाद खूनी वारदात में बदल गया। बैतूल में 73 वर्षीय मुंदू मर्सकोले पर अपने घर में काम करने वाले नेहरू उईके की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में घटना की वजह बताई है।
मामला बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सरण्डई का है। पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर 2026 को ग्राम निपानिया निवासी 63 वर्षीय तुलसीराम पिता बाका परते ने थाने में सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर पर काम करने वाला नौकर नेहरू उईके पोला पर्व के दिन से लापता है। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। तलाशी के दौरान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर दुर्गम इलाके में करेले की बेल के पास नेहरू उईके का शव मिला।
शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की दिशा में जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम सरण्डई निवासी 73 वर्षीय मुंदू मर्सकोले पिता रामू मर्सकोले से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने बताया कि पोला पर्व के दिन नेहरू उईके शराब के नशे में उसकी पत्नी के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कर रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से नेहरू के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की गई। इसके बाद मुंदू मर्सकोले को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।