नवजात के परिजनों से मारपीट, प्रबंधक सहित 10-12 पर रिपोर्ट:मेरठ में हिंदू नाम से अस्पताल चलाने वाले नासिर पर गंभीर आरोप
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में स्थित शिव शांति हॉस्पिटल में नवजात के परिजनों से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल संचालक नासिर पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पचगांव पट्टी अमर सिंह निवासी नीरज पुत्र धर्मेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 19 अगस्त को अपने नवजात बेटे को शिव शांति हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उपचार से संतुष्ट न होने पर जब उन्होंने बच्चे की छुट्टी कराने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया।
नीरज के अनुसार, अस्पताल प्रबंधक नासिर ने बाहरी दबंगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में नीरज और उनके भाई पंकज के सिर में चोटें आईं। उनकी बहन काजल से भी मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए 59 हजार रुपये तथा एक मोबाइल फोन गायब कर दिया गया।
इस मामले में नासिर के साथ उनके भाई आमिर, लोटस अस्पताल के मैनेजर जुबेर, कर्मचारी बिलाल, नूर, अब्दुल्ला, सराफत, मोसीन और 10-12 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट की घटना के बाद अस्पताल के नाम और संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नासिर मुस्लिम होकर 'शिव शांति हॉस्पिटल' जैसे हिंदू नाम से अस्पताल चलाकर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने नासिर के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर भी गंभीर दावे किए हैं।
उनका आरोप है कि नासिर हिस्ट्रीशीटर अमित मिरिंडा से जुड़े सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पहले जेल जा चुका है। वहीं, नासिर के भाई जुबेर पर भी फर्जी मेडिकल दस्तावेज तैयार करने के आरोप में जेल जाने का दावा किया गया है।
पुलिसकर्मियों के साथ नासिर का एक वीडियो भी इस मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे जांच में शामिल किया जा सकता है।
📡 स्रोत: NewsData.io