राज्य

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा:दुर्गा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा:दुर्गा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

श्रावस्ती में शारदीय नवरात्रि के साथ ही जिले में देवी भक्ति का माहौल बना है। बुधवार को चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना के साथ दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम होते ही पंडालों में आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा।

आकर्षक सजावट, देवी-देवताओं की झांकियां और बाल कलाकारों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। रात करीब नौ बजे आरती और पूजन के बाद अलग-अलग धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कहीं बाल कलाकार धार्मिक प्रसंगों का मंचन कर रहे हैं तो कहीं आकर्षक झांकियों के माध्यम से देवी महिमा का गुणगान किया जा रहा है। कई पंडालों में कार्यक्रम आधी रात तक चलते हैं और श्रद्धालु देर रात तक मां के दर्शन के लिए मौजूद रहते हैं। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री, दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी और तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

चौथे दिन मां कूष्मांडा की आराधना कर भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां कूष्मांडा ने अपनी मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की रचना की थी। उन्हें सृष्टि की आदिशक्ति और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। सिंह पर सवार अष्टभुजा मां कूष्मांडा की पूजा का नवरात्रि में विशेष महत्व है।

दुर्गा पंडालों में सजे देवी-देवताओं के स्वरूप और धार्मिक प्रस्तुतियां भक्तों का मन मोह रही हैं। श्रद्धालु पूरे वर्ष शारदीय नवरात्रि का इंतजार करते हैं। आयोजकों के अनुसार, आगामी दिनों में भी पंडालों में धार्मिक झांकियों, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। रात में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। जिलेभर में नवरात्रि को लेकर उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।