नेपाल बाढ़: अब तक 22 लोगों की मौत, राहत-बचाव अभियान जारी

अगस्त 26, नई दिल्ली: नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में 105 भारतीय नागरिकों समेत कुल 384 पर्यटक और यात्री प्रभावित इलाके से लापता बताए गए हैं। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड की 26 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर रसुवा में भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आई।
इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद यात्रियों और पर्यटकों की स्थिति का पता लगाने के लिए प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और ट्रैवल एजेंसियां संयुक्त रूप से काम कर रही हैं।वहीं, बाढ़ से हुई तबाही में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं।
बाढ़ के कारण संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। रसुवा के टिमुरे इलाके में नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के 32 जवान भी लापता बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा रसुवा कस्टम कार्यालय के 15 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं।नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, लापता बताए जा रहे 105 भारतीय नागरिकों में सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 59 भारतीय यात्री और लिआ हॉलिडे के 46 भारतीय यात्री शामिल हैं। वहीं हिमालयन ग्लेशियर से जुड़े 37 एनआरआई यात्रियों की जानकारी भी सामने आई है।
कुछ यात्रियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। बाढ़ का असर लांगटांग खोला 20 मेगावाट हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर भी पड़ा है।
प्रोजेक्ट से जुड़े करीब 60 लोग संपर्क से बाहर हैं, जिनमें इंजीनियर, ड्राइवर, रसोई कर्मचारी और सुरंग में काम कर रहे मजदूर शामिल हैं।नेपाली सेना के मुताबिक, अब तक 88 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। बचाव अभियान के लिए 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। हालांकि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ानों में बाधा आ रही है।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, भारत नेपाल में राहत के लिए जरूरी सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है।
विदेश मंत्रालय नेपाल सरकार और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है।नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बताया कि लापता यात्रियों की जानकारी ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर सत्यापित की जा रही है। फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
सभी को प्राथमिक रूप से लापता या संपर्क से बाहर बताया गया है। आपात सहायता के लिए नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने 1234 टोल-फ्री नंबर, 1144 हॉटलाइन और टूरिस्ट पुलिस नंबर 9851289445 जारी किए हैं। फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर