नेपाल में बाढ़ से अब तक 1,259 मौतें, 5 हजार से ज्यादा लापता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 04, नई दिल्ली: नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,259 हो गई है, जबकि 5 हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। कई दिनों से अपने परिजनों की कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने अब उनके प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रसुवा जिले के पहरेबेसी गांव में लोगों ने आठ दिनों तक लापता रिश्तेदारों का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की। प्रभावित इलाकों में कुछ परिवार लापता लोगों के प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार के लिए कुशा घास से बने पुतलों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हिंदू धार्मिक संस्कारों में कुशा घास को पवित्र माना जाता है। उधर, नेपाल सेना के नेतृत्व में संयुक्त बचाव दलों ने आपदा के नौवें दिन भी खोज और बचाव अभियान जारी रखा। भारत का सुरंग बचाव दल चिलिमे पावर हाउस में नेपाली सेना के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
भारतीय दूत ने भारतीय टनल बचाव दल के स्याब्रूबेसी स्थित आधार शिविर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद भारतीय और नेपाली दल पूरी प्रतिबद्धता के साथ बचाव अभियान जारी रखेंगे। भारतीय और नेपाली बचाव दलों ने विशेष उपकरणों की मदद से सुरंग के अंदर करीब 100 मीटर तक जायजा लिया है।
अब सुरंग में आगे बढ़ने के लिए भारी उपकरणों को लाने की तैयारी की जा रही है। फ़ाइल फ़ोटो