नेपाल बाढ़: भारत नेपाल को भेजेगा राहत सामग्री, अलर्ट पर दूतावास

अगस्त 26, नई दिल्ली: नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी में आई अचानक फ्लैश फ्लड के बाद 105 भारतीय नागरिकों समेत बड़ी संख्या में पर्यटकों और यात्रियों के लापता होने की आशंका जताई गई है।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में कुल 384 पर्यटक और यात्री प्रभावित इलाके से लापता बताए गए हैं, जिनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं।नेपाल टूरिज्म बोर्ड की 26 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर रसुवा में भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आई।
इसके बाद प्रभावित इलाकों में मौजूद यात्रियों और पर्यटकों की स्थिति का पता लगाने के लिए प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और ट्रैवल एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, लापता बताए जा रहे 105 भारतीय नागरिकों में सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 59 भारतीय यात्री, लिआ हॉलिडे के 46 भारतीय यात्री और हिमालयन ग्लेशियर से जुड़े 37 एनआरआई शामिल हैं।
वहीं, कुछ अन्य यात्रियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, भारत नेपाल में राहत के लिए जरूरी सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विदेश मंत्रालय नेपाल सरकार और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में है।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बताया कि लापता यात्रियों की जानकारी ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर सत्यापित की जा रही है। फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। सभी को प्राथमिक रूप से लापता या संपर्क से बाहर बताया गया है।
आपात सहायता के लिए नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने 1234 टोल-फ्री नंबर, 1144 हॉटलाइन और टूरिस्ट पुलिस नंबर 9851289445 जारी किए हैं। फोटो- नेपाल में भारतीय दूतावास का पोस्टसोर्स- एक्स (IndiaInNepal)