नेपाल बाढ़ में मृतकों की संख्या 734 हुई, लगभग ढाई हजार लोग अभी भी लापता हैं

मध्य नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या आज बढ़कर 734 हो गई है। शव बरामद किए जाने का सिलसिला अभी भी जारी है। आपदा के बाद से लगभग 2 हजार पांच सौ लोग अभी भी लापता हैं।
आपदा के पांचवें दिन भी बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं और सभी आठ प्रभावित जिलों से शव बरामद किए गए हैं।
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा व्यवस्थापन प्राधिकरण - एनडीआरआरएमए ने बताया कि अब तक चितवन से 2 सौ 59, नवलपरासी पूर्व से 1 सौ 84 नवलपरासी पश्चिम से 82 और गोरखा जिले से 58 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह, नुवाकोट से 52, धाडिंग से 50, तनहु से 36 और रसुवा से 13 शव बरामद किए गए हैं।
प्राधिकरण ने बताया कि 85 सुरक्षाकर्मियों और 320 विदेशियों सहित 2 हजार 498 लोग लापता हैं। बचाव दल ने अब तक प्रभावित जिलों से 8 हजार 186 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें 2 सौ 27 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
नेपाल सरकार ने भोटे कोशी नदी में बाढ़ के लिए नया अलर्ट जारी किया है और नदी किनारे रहने वाले निवासियों से सतर्क रहने को कहा है। एनडीआरआरएमए ने नदी में बाढ़ का प्रवाह बढ़ने की सूचना दी है।
रसुवा जिला प्रशासन ने रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग जिलों में भोटे कोशी नदी के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ की त्रासदी के बाद अब तक 108 भारतीय नागरिकों को बचाया जा चुका है।
श्री जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जिनसे पहले संपर्क नहीं हो पा रहा था ऐसे लगभग 50 भारतीय नागरिकों से संपर्क फिर से स्थापित हो गया है।