देश

नेपाल में बाढ़ की तबाही,1300 से ज्यादा मौतें; 5 हजार लोग अब भी लापता

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नेपाल में बाढ़ की तबाही,1300 से ज्यादा मौतें; 5 हजार लोग अब भी लापता

सितंबर 05, नई दिल्ली: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद तबाही का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, करीब 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5,000 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। सुरंगों में करीब 900 लोगों के फंसे होने की आशंका है।

त्रासदी के बीच जिंदगी बचाने की जंग जारी है, और कई जगहों पर एयर पॉकेट के जरिए जिंदा लोगों को बाहर निकालने की उम्मीद बनी हुई है। शुक्रवार को ऊपरी त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से 9 दिन बाद 2 कामगारों को जिंदा बाहर निकाला गया है।

नेपाली सेना के साथ भारत, चीन और दक्षिण कोरिया की विशेषज्ञ टीमें सुरंगों में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।भारत की ओर से राहत सामग्री भेजने के साथ भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी भी जारी है और अबतक 169 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया है।

हालांकि नेपाल में 275 भारतीय नागरिक अब भी लापता बताए गए हैं, जबकि तिब्बत में फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। भारत ने अब तक 7 विमानों के जरिए करीब 95 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी है।

राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए भारत ने 54 विशेषज्ञों को भी नेपाल भेजा है, जिनमें 30 टनल रेस्क्यू एक्सपर्ट, 19 फोरेंसिक एक्सपर्ट और 5 सदस्यीय मेडिकल टीम शामिल है। वहीं, करीब 387.5 अरब नेपाली रुपये के शुरुआती आर्थिक नुकसान के बीच नेपाल के सामने अब राहत के साथ बड़े पैमाने पर पुनर्निर्माण की चुनौती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।