नेपाल में भारत की मदद जारी, अब तक 74 टन राहत सामग्री भेजी गई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 03, नई दिल्ली: नेपाल में बाढ़ और आपदा के बाद भारत की ओर से राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। भारत अब तक नेपाल को करीब 74 टन राहत सामग्री उपलब्ध करा चुका है। इसके तहत पांच खेप राहत सामग्री भेजी गई हैं। पांचवीं खेप में पांच टन से अधिक जरूरी दवाइयों के साथ 11 सदस्यीय बचाव दल नेपाल भेजा गया है।
इसमें एंटीबायोटिक, दर्द निवारक दवाएं, सर्जिकल सामग्री और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामान शामिल हैं। भारत अब तक नेपाल में 166 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल चुका है। इनमें बुधवार को बचाए गए तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, भारतीय सुरंग बचाव दल ने अपना बेस त्रिशूली से बदलकर स्याब्रूबेसी कर लिया है।
इससे चिलिमे तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा, जहां बचाव अभियान जारी है। भारतीय दल नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे में सुरंग के भीतर तलाशी अभियान चला रहा है। सुरंग के अंदर गहरे कीचड़ और अवरोधों के बावजूद बचाव दल करीब 100 मीटर तक आगे बढ़ने में सफल रहा है।
भारत से भेजे गए 11 विशेषज्ञों का एक और दल विशेष उपकरणों के साथ त्रिशूली बाजार के पास पहुंच चुका है और नेपाली सेना के साथ समन्वय कर अभियान शुरू करने की तैयारी में है। भारत ने नेपाल में फॉरेंसिक विशेषज्ञों का दल भी भेजा है।
इस बीच, नेपाल में भारत की ओर से मिल रही मदद के लिए प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संसद में भारत का आभार जताया है। फ़ाइल फ़ोटो