नेपाल में बूढ़ी गंडक में बाढ़ का अलर्ट, बिहार में भी चेतावनी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 11, नई दिल्ली: नेपाल में बूढ़ी गंडक नदी में भीषण बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्राधिकरण ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के पास जाने से बचने की अपील की है।
इसे देखते हुए बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण और नेपाली सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस संबंध में जानकारी साझा की है।
नेपाली सेना ने भी नदी के आसपास रहने वाले लोगों से एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। मुग्लिन तक के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सेना की एक टुकड़ी हवाई और सड़क मार्ग से प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान भूस्खलन के खतरे वाले इलाके से छह लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके अलावा, काठमांडू में तैनात संयुक्त त्वरित प्रतिक्रिया दल को भी हवाई मार्ग से प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही नेपाल को भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ा था।
स्रोत: @NDRRMA_Nepal